Aapka Rajasthan

बीजेडी को बड़ा झटका, राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने पार्टी और पद से दिया इस्तीफा

भुवनेश्वर, 25 मई (आईएएनएस)। ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजेडी) को बड़ा झटका लगा है। नवीन पटनायक के करीबी माने जाने वाले राज्यसभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने पार्टी छोड़ दी है। देबाशीष सामंतराय ने अपमानित किए जाने का आरोप लगाते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
 
देबाशीष सामंतराय ने बीजेडी अध्यक्ष नवीन पटनायक को अपना इस्तीफा भेजा है। पटनायक को भेजे गए पत्र में उन्होंने लिखा, "मैं आज, यानी 25 मई को बीजेडी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं। मुझे राज्यसभा के लिए मनोनीत करने के लिए मैं आपका सदा ऋणी रहूंगा। अविभाजित कटक जिले की जनता की सेवा करने और राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा के मुद्दों को उठाने का अवसर देने के लिए मैं इस अवसर पर आपके प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।"

देबाशीष सामंतराय ने आगे लिखा, "मैंने हमेशा स्वयं को पार्टी के हित में समर्पित किया है और वर्षों से पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी के लिए कार्य किया है। हालांकि, मुझे लगता है कि हाल के दिनों में पार्टी में मेरा सुनियोजित तरीके से अपमान किया जा रहा है और पार्टी को मेरी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है। अतः मैंने जनहित में यह कठिन निर्णय लिया है और आपसे मेरा त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध करता हूं।"

वहीं, एक्स पर देबाशीष सामंतराय ने लिखा, "पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक, मैं अपनी सेवा, संगठन और समर्पण की नीति के अनुसार कार्य करता रहा हूं। भविष्य में भी मैं ओडिशा की जनता के लिए अपना संघर्ष जारी रखूंगा।"

बीजेडी छोड़ने के कुछ घंटों बाद देबाशीष सामंतराय ने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंपकर उच्च सदन की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। ममता महंत और सुजीत कुमार के बाद सामंतराय नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजेडी) के तीसरे राज्यसभा सदस्य हैं, जिन्होंने उच्च सदन में अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा दे दिया है।

पिछले साल फरवरी में बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए पूर्व विधायक देबाशीष सामंतराय और पार्टी नेता सुभाषिश खुंटिया को पार्टी उम्मीदवार घोषित किया था।

--आईएएनएस

ओपी/एएस