बिलासपुर में 17.90 लाख नकद बरामद, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अमित बघेल को हाईकोर्ट से राहत
बिलासपुर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिलासपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हालत में लाखों रुपए बरामद किए। वहीं, दूसरी ओर एक अलग मामले में जोहार छत्तीसगढ़ी पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है।
कोटा थाना क्षेत्र की बेलगहना चौकी पुलिस और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक व्यक्ति के पास से करीब 17 लाख 90 हजार रुपए नकद बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और जांच में लगी हुई थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना नाम पवन बजाज (35) निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली बिलासपुर बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 10, 20 और 50 रुपए के नए नोटों के कुल 81 बंडल मिले, जिनकी कुल राशि करीब 17.90 लाख रुपए आंकी गई। पुलिस ने इस रकम को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया है और इसके स्रोत के बारे में पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में बेलगहना चौकी और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही।
वहीं, एक अन्य मामले में जोहार छत्तीसगढ़ी पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज 14 एफआईआर मामलों में तीन महीने की अंतरिम जमानत मंजूर कर दी है। ये सभी मामले तेलीबांधा, कोतवाली और देवेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज थे।
बताया जा रहा है कि ये केस एक प्रेस बयान को लेकर दर्ज हुए थे, जिसमें एक विशेष समाज पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था।
हाई कोर्ट ने जमानत देते हुए शर्त रखी है कि अमित बघेल अगले तीन महीने तक रायपुर में नहीं रहेंगे। उन्हें केवल कोर्ट में पेशी के लिए ही रायपुर आने की अनुमति होगी।
दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कोर्ट ने यह अहम फैसला सुनाया है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
