Aapka Rajasthan

बिहार: विमल कुमार हत्याकांड पर तेजस्वी यादव बोले- विधायक पर नामजद एफआईआर और सीबीआई जांच की मांग

पटना, 2 अगस्त (आईएएनएस) बिहार के औरंगाबाद जिले में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मृतक की पत्नी से टेलीफोन पर बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस मामले में न्याय दिलाने की लड़ाई में उनकी पार्टी परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
 

पटना, 2 अगस्त (आईएएनएस) बिहार के औरंगाबाद जिले में डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मृतक की पत्नी से टेलीफोन पर बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस मामले में न्याय दिलाने की लड़ाई में उनकी पार्टी परिवार के साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले में आरोपी विधायक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज नहीं होगी और निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाएगी, तब तक विपक्ष शांत नहीं बैठेगा। तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल में यह दूसरे अधिकारी की हत्या है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने दावा किया कि मृतक की पत्नी स्वयं आरोप लगा रही हैं कि उनसे 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी जा रही थी और रकम नहीं देने पर उनकी हत्या कर दी गई।

तेजस्वी यादव ने कहा कि यदि पहले एक अधिकारी की हत्या के बाद एनकाउंटर की कार्रवाई की गई थी तो क्या अब सरकार आरोपी विधायक के खिलाफ भी वही रवैया अपनाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और पूरे मामले को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

राजद नेता ने कहा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से जांच पूरी होने से पहले ही घटना को लेकर बयान देना कई सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि इससे मामले की दिशा मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस हत्याकांड की सीबीआई और न्यायिक जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जल्द ही मृतक के परिजनों से मुलाकात करेगी और न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी सरकार को घेरते हुए लिखा कि चंद दिनों में बिहार में दूसरे अधिकारी की हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि परिजनों ने एनडीए के एक विधायक पर 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और हत्या कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद बिना पूरी जांच के पुलिस अधिकारियों द्वारा ऐसा बयान दिया गया जिससे आरोपी विधायक जांच के दायरे से बाहर दिखाई दें। उन्होंने मुख्यमंत्री से आरोपी विधायक के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराने और न्यायिक जांच का आदेश देने की मांग की।

बता दें कि औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र स्थित धनौती पुल के पास देर रात कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, वह अपनी कार से डेहरी से पटना जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार को रोककर उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूछताछ के लिए चालक को गिरफ्तार किया है। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। मामले की जांच जारी है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी