सासाराम में दर्दनाक हादसा : तिलक समारोह से लौट रही थी बस, लड़की के पिता की भी मौत
सासाराम, 4 मई (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक अनियंत्रित कंटेनर (ट्रक) ने बस और पिकअप में टक्कर मार दी, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा आरा-मोहनियां नेशनल हाइवे संख्या पर बेलवैया मठिया मोड़ के समीप हुआ है। मृतक सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जो एक तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि सभी लोग चेनारी के लोधी गांव में अशोक कुमार की पुत्री का तिलक चढ़ाकर गांव लौट रहे थे। गांव के पास मोड़ पर बस और पिकअप को खड़ा कर कुछ लोग बस से उतर रहे थे और पिकअप से कुछ सामान उतारकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे।
इसी बीच एक अनियंत्रित कंटेनर ने सभी को टक्कर मार दी। इस घटना में पांच लोगों की मौत और करीब 10 लोग जख्मी हुए हैं। इस घटना के बाद शादी का माहौल मातम में बदल गया। हादसे के शिकार सभी पांच लोग एक ही परिवार के बताए जाते हैं। मृतकों की पहचान करगहर के भगवानपुर गांव निवासी रामव्रत सिंह, लड़की के पिता और मठिया गांव निवासी अशोक सिंह, पिंटू सिंह, रजनीश कुमार और छोटू कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। घायलों को इलाज के लिए दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देख सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम ले जाया गया है। घायलों में सभी की हालत स्थिर बनी हुई है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके
