Aapka Rajasthan

बिहार: टीआरई-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की बहाली का रास्ता साफ, शिक्षा विभाग ने बीपीएससी को भेजी अधियाचना

पटना, 29 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में शिक्षक नियुक्ति की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा विभाग की ओर से अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी है। इसकी जानकारी बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा की।
 
सीएम सम्राट चौधरी ने इसे बिहार के युवाओं के लिए 'ऐतिहासिक सौगात' बताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि टीआरई-4 के तहत कुल 32,388 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें कक्षा 1 से 5 तक के लिए 3,847 पद, कक्षा 6 से 8 तक के लिए 8,563 पद, कक्षा 9 से 10 तक के लिए 3,877 पद तथा कक्षा 11 से 12 तक के लिए 16,101 पद शामिल हैं। शिक्षक अभ्यर्थी लंबे समय से चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे थे। इसे लेकर विभिन्न छात्र और अभ्यर्थी संगठनों की ओर से कई बार प्रदर्शन और आंदोलन भी किए गए थे।

अभ्यर्थियों का कहना था कि पिछले चरणों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी टीआरई-4 की अधिसूचना जारी नहीं होने से हजारों उम्मीदवार असमंजस की स्थिति में थे। अब शिक्षा विभाग की ओर से अधियाचना बीपीएससी को भेजे जाने के बाद माना जा रहा है कि आयोग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अधिसूचना जारी कर सकता है। इसके बाद आवेदन, परीक्षा और नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

राज्य सरकार का कहना है कि नई नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। वहीं, बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर भी प्राप्त होगा। शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच इस फैसले को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और अब उनकी निगाहें बीपीएससी की ओर से जारी होने वाली परीक्षा की तिथि पर टिकी हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी