बिहार : ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत, श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रहे थे गांव
सासाराम, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के नगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जाते हैं।
पुलिस के मुताबिक, कोचस थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव के रहने वाले परमा कुमार अपनी भाभी खुशबू देवी और खुशबू देवी की बेटी चार वर्षीय काव्या को अपनी बाइक पर बैठाकर सासाराम से गांव जाने के लिए निकले थे। इसी बीच, नगर थाना क्षेत्र के बढ़ईया बाग के समीप एक बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीनों लोगों को रौंद दिया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना में बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया है कि बाइक सवार तीनों लोग सासाराम से कोचस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गांव में परमा कुमार की दादी का निधन हो गया था और उन्हीं के श्राद्ध कर्म (तेरहवीं) में शामिल होने के ये सभी लोग जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। बताया गया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है तथा वाहन के मालिक का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
