बिहार सरकार के मंत्री बोले-कांग्रेस पीएम का अपमान करती रहे, जनता उन्हें जिताती रहेगी
पटना, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में कांग्रेस की रैली में पीएम नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी के बाद बिहार सरकार में मंत्री नितीन नबीन और संतोष सुमन ने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया है। उनका कहना है कि कांग्रेस बिहार चुनाव के परिणाम को अभी ठीक ढंग से पचा भी नहीं पाई है कि एक बार फिर वे पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने लगे हैं। बिहार की जनता ने कांग्रेस को इसका करारा जवाब दिया था और अब अन्य राज्यों की बारी है।
नितीन नबीन ने कहा कि जब-जब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के लिए अपशब्द का इस्तेमाल किया, देश की जनता ने उन्हें जीत का हार पहनाने का काम किया है। जब-जब पीएम मोदी का अपमान हुआ, प्रचंड बहुमत के साथ उन्हें जीत मिली है। कांग्रेस के लोग इसी प्रकार अपमान करते रहेंगे और पीएम मोदी को जीत की मालाएं मिलती रहेंगी। बिहार में एनडीए की जीत कांग्रेस और उनके इंडी अलायंस के लिए ताजा सबक है।
बिहार सरकार में मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। वह अपनी कब्र खुद खोद चुकी है। कांग्रेस, जो कभी बहुत बड़ी पार्टी थी, ने वर्षों तक देश पर राज किया। आज देखिए क्या हाल हो गया है। राहुल गांधी ने कांग्रेस की कब्र खोद दी है। उन्होंने कहा कि किसी के बारे में बोलने से कुछ नहीं होता है, पहले अपने आप को ठीक कीजिए। जिस कब्र का आप जिक्र कर रहे हैं, उसी कब्र में जनता आपको डालने का काम भी करेगी।
संतोष सुमन ने कहा कि विपक्ष ने बिहार में भी एसआईआर का मामला उठाया। क्या हुआ? जनता ने करारी हार के साथ उनकी विदाई करा दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से किसी भी वैध मतदाता का वोट नहीं कटा। बस घुसपैठियों के वोट कटे हैं और आगे भी कटेंगे।
उन्होंने बंगाल की टीएमसी सरकार को आगाह करते हुए कहा कि जो सरकार अब तक अवैध वोटरों के दम पर बनती रही है, अब उनकी भी उल्टी गिनती शुरू। यहां के लोग अपनी सरकार चुनेंगे। एनडीए के प्रति लोगों में विश्वास है। बंगाल की जनता विकास करने वाली सरकार को चुनेगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
