बिहार: सारण में दो गुटों के बीच चाकूबाजी में तीन युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
सारण, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में चाकूबाजी के दौरान तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के कई थानों की पुलिस को तैनात किया है।
घटना एकमा थाना क्षेत्र के पछुआ गांव और परसागढ़ बाजार के बीच परसा मोड़ की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान पछुआ गांव निवासी रमेश कुमार यादव (35), मुकेश यादव (25) और छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर कुमार उर्फ धोनी (22) के रूप में हुई है। अंकुर अपने रिश्तेदार के यहां पछुआ गांव आया था। घटना में पछुआ गांव निवासी विवेक कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार की शाम मुख्य सड़क पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। विवाद उस समय तो शांत हो गया, लेकिन देर रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से मारपीट और चाकूबाजी शुरू हो गई। चाकूबाजी में अंकुर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों को एकमा के एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया। बताया जा रहा है कि वहां भी दोनों पक्षों के बीच दोबारा झड़प और चाकूबाजी हुई। इसके बाद गंभीर रूप से घायलों को छपरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान रमेश यादव और मुकेश यादव की मौत हो गई।
एकमा के थाना प्रभारी राम बालक यादव ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि प्रथमदृष्टया मामला दो युवाओं के गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एकमा सदर-2 के एसडीपीओ भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना में एक पक्ष के दो और दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।
--आईएएनएस
एमएनपी/ओपी
