बिहार: सहरसा में भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री की गोली मारकर हत्या, बंद मकान से मिला शव
सहरसा, 18 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के सहरसा में शुक्रवार को भाजपा नेता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय हर्षवर्धन सिंह के 26 वर्षीय बेटे अभिजीत सिंह राजपूत उर्फ राजा के रूप में हुई है। अभिजीत भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री थे। उन्हें 24 अगस्त को इस पद पर नियुक्त किया गया था।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, सहरसा के सदर थाना इलाके के गौतम नगर वार्ड 15 में एक बंद घर से भाजपा नेता का शव बरामद हुआ। बताया गया कि अभिजीत का पैतृक गांव सुपौल जिले के गढ़बरुआरी वार्ड नंबर 5 में है, जबकि सहरसा सदर थाना इलाके के गौतम नगर वार्ड 15 में उनका अपना मकान है। वह दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनका छोटा भाई दिल्ली में रहकर यूपीएससी की पढ़ाई कर रहा है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा के अनुसार, अभिजीत के एक दोस्त ने उन्हें फोन किया। दोस्त ने बताया कि अभिजीत दो दिनों से फोन नहीं उठा रहा था। जब दोस्त उसके घर पहुंचा और झांक कर देखा तो कमरा अंदर से बंद था और अभिजीत का शव बेडरूम में पड़ा था। उसके चेहरे पर तकिया ढका था और आवाज देने पर कोई हलचल नहीं हुई।
इसके बाद उन्होंने सहरसा सदर थाने की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस अभिजीत के घर पहुंची। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर देखा कि वह बेडरूम में खून से लथपथ पड़ा था। बंद कमरे से शव की तेज बदबू आ रही थी। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। प्रथम दृष्टता यह प्रतीत हो रहा है कि भाजपा नेता की बुधवार की रात ही हत्या की गई।
सहरसा सदर के एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का शव घर के अंदर मिला है। शव को देखने से यह प्रतीत हो रहा है कि गोली मारकर हत्या की गई है। अधिकारी ने बताया कि बुधवार को अभिजीत सिंह कुछ लोगों के साथ एक पार्टी में गया था। उन्होंने खाना खाया। प्रथम दृष्टता लग रहा है कि बुधवार की रात को लगभग दो बजे के करीब अभिजीत की हत्या हुई।
उन्होंने कहा कि हम सभी बिंदुओं की जांच कर रहे हैं। अभिजीत सिंह सबसे आखिरी में जिन दोस्तों से मिला, उनकी क्या भूमिका है, इसकी भी जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/
