बिहार: राजस्थान ले जाई जा रही महिला को पुलिस ने कराया मुक्त, मानव तस्करी गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
मोतिहारी, 22 जून (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पीपराकोठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान ले जाई जा रही एक महिला को सुरक्षित मुक्त करा लिया। इस दौरान तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मानव तस्करी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीपराकोठी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग महिलाओं को बहला-फुसलाकर तथा विभिन्न प्रलोभन देकर बिहार से राजस्थान ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इसकी सत्यता की जांच की और महिला पुलिस पदाधिकारी की मौजूदगी में पीपराकोठी चौक पर छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक महिला को मुक्त कराया, वहीं मौके से तीन महिलाओं सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार लोगों में मुरली मेघवाल (27) और अजय कुमार (21) शामिल हैं। आरोपियों में तीन लोग राजस्थान के झुंझुनू जिले के निवासी बताए गए हैं। मुक्त कराई गई महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसे पैसों का लालच देकर अपने साथ ले जाया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि उसे नशीला पदार्थ खिलाया गया था, जिसके बाद उसे राजस्थान ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से वीवो, ओप्पो, आईटेल, मोटो और एमआई कंपनी के पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस अब इन मोबाइलों की जांच कर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पुलिस पदाधिकारी शशिभूषण कुमार, सिमराजश्री, संतोष कुमार जायसवाल, तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और मानव तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
