Aapka Rajasthan

बिहार: निशांत कुमार को सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोके जाने की घटना मानवीय भूल, एसएसजी की जांच में खुलासा

पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोकने के मामले में विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) ने जांच पूरी कर ली है। एसएसजी की जांच में इस घटना को सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के दौरान हुई मानवीय भूल बताया गया है।
 

पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोकने के मामले में विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) ने जांच पूरी कर ली है। एसएसजी की जांच में इस घटना को सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के दौरान हुई मानवीय भूल बताया गया है।

विशेष सुरक्षा दल, बिहार के समादेष्टा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य मंत्री को सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोके जाने की घटना प्रचारित की जा रही है। इसकी जांच कराई गई, जिसमें पाया गया कि सुरक्षा कर्मियों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्य करने के दौरान मानवीय भूल की, जिसके कारण यह घटना हुई।

बयान में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक, करीब दो दशकों तक, विशेष सुरक्षा दल की ओर से सुरक्षा प्रदान की जाती रही है।

दरअसल, वैशाली जिले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को उनके करीब जाने से सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई थी।

मुख्यमंत्री वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल (नीतीश सेतु) का निरीक्षण करने और 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

वीडियो सामने आने के बाद जदयू ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस मुख्यालय से जांच की मांग की थी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार ने इसे दुखद और पीड़ादायक बताया था। उन्होंने कहा था कि निशांत कुमार वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री हैं और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री के साथ गए थे। ऐसे में उनकी सुरक्षा व्यवस्था आधिकारिक प्रोटोकॉल के अनुरूप होनी चाहिए।

नीरज कुमार ने सवाल उठाया था कि सुरक्षाकर्मियों ने जानबूझकर मंत्री को रोका था या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि निशांत कुमार का कद इतना बड़ा है कि कोई उन्हें अपमानित नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के बीच संबंधों को मजबूत बताते हुए उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन पर जोर दिया था।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच