बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 1.70 लाख रुपए रिश्वत लेते पेशकार को रंगेहाथ दबोचा
पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसके तहत ब्यूरो की एक टीम ने गुरुवार को मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के विधि शाखा में पदस्थापित प्रशाखा पदाधिकारी (पेशकार) मुकेश कुमार को 1.70 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो के एक अधिकारी ने बताया कि बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर गांव निवासी नन्दकिशोर प्रसाद सुमन ने पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक जमीन संबंधित कोर्ट केस के मामले में मदद करने के एवज में आरोपी मुकेश कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
ब्यूरो द्वारा शिकायत के सत्यापन कराए जाने और मामले को सही पाए जाने के बाद निगरानी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई और पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। गुरुवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने तय रकम ली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
बताया गया कि प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, मुंगेर प्रमंडल के विधि शाखा कक्ष के सामने से ही आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी के पास से घूस की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।
अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया जाएगा। ब्यूरो के अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा अब तक भ्रष्टाचार के खिलाफ कुल 38 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिसमें यह ट्रैप संबंधी 33वां मामला है। अभी तक कुल 30 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है तथा रिश्वत के करीब 12 लाख रुपए जब्त किए गए हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
