Aapka Rajasthan

बिहार : नवादा में समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा, पात्र लोगों को समयबद्ध लाभ देने का निर्देश

नवादा, 20 जून (आईएएनएस)। जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त (डीडीसी) की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित इस बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
 
बैठक के दौरान अधिकारियों ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लाभान्वितों को मिल रहे लाभ, लंबित मामलों के निष्पादन और योजनाओं के कार्यान्वयन में आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। समीक्षा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई। मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांगजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री विधवा पेंशन योजना तथा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम सहित अन्य पेंशन योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।

इसके अलावा समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस), पोषण अभियान, मिशन शक्ति, महिला एवं बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों, बाल संरक्षण सेवाओं और विभाग द्वारा संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों से योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन और लाभुकों तक उनकी पहुंच के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई।

उप विकास आयुक्त ने बैठक में मौजूद सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभान्वितों को योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना का उद्देश्य तभी सफल माना जाएगा जब उसका लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे। इसके लिए लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और नियमित रूप से योजनाओं की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रीय स्तर पर सतत अनुश्रवण बनाए रखने और लाभान्वितों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। डीडीसी ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाएं समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। ऐसे में सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

बैठक में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन की दिशा में कार्य किया जाए। साथ ही योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, निर्धारित लक्ष्यों की समय पर प्राप्ति और लाभान्वितों तक अधिकतम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी