Aapka Rajasthan

बिहार: नवादा डीएम ने नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर बुलाई बैठक

नवादा, 20 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (यूजी)-2026 पुनर्परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नवादा जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान द्वारा केन्द्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक की गई।
 
बिहार: नवादा डीएम ने नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर बुलाई बैठक

नवादा, 20 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (यूजी)-2026 पुनर्परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नवादा जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान द्वारा केन्द्राधीक्षक, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि नीट (यूजी)-2026 पुनर्परीक्षा दिनांक 21 जून को अपराह्न 02:00 बजे से अपराह्न 05:15 बजे तक नवादा जिले के 05 परीक्षा केन्द्रों—सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, नवादा, कन्हाई इंटर स्कूल, नवादा, प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल, नवादा, कन्हाई लाल साहु कॉलेज, नवादा एवं महिला आईटीआई, नवादा—पर आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार अपराह्न 01:30 बजे बंद कर दिया जाएगा तथा किसी भी परिस्थिति में निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र के मुख्य द्वार पर सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के उपरांत ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक केन्द्र पर पुरुष एवं महिला पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षार्थी अपने साथ एडमिट कार्ड की स्वच्छ प्रति, दो पोस्टकार्ड साइज एवं पासपोर्ट साइज का फोटो, एक वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड/पैन कार्ड/पासपोर्ट/राशन कार्ड/विद्यार्थी पहचान पत्र) एवं पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, रिस्ट वॉच, आभूषण, धातु सामग्री, इरेजर, व्हाइटनर एवं ब्लेड आदि प्रतिबंधित रहेंगे।

जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों की सुरक्षा एवं कदाचारमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यालय भवनों की छतों से भी सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी बाहरी तत्व की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके तथा परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता अक्षुण्ण बनी रहे। उन्होंने सभी केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के एक दिन पूर्व एवं परीक्षा शुरू होने के दो घंटे पहले तक पूरे परिसर की सघन जांच-पड़ताल करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्र में वही लोग प्रवेश करेंगे, जिनकी प्रतिनियुक्ति संबंधित परीक्षा केन्द्र में की गई है। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा समाप्त होने तक किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही परीक्षा के अंतिम 30 मिनट में किसी भी परीक्षार्थी को शौचालय जाने की अनुमति नहीं होगी। विशेष परिस्थिति में शौचालय जाने वाले अभ्यर्थियों की तलाशी एवं निगरानी अनिवार्य रूप से की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्रकाश (लाइट) की व्यवस्था पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित की जाए। कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, नवादा को निर्देश दिया गया कि गर्मी को देखते हुए सभी केन्द्रों के बाहर प्याऊ की व्यवस्था करें, ताकि परीक्षार्थियों के अभिभावकों के लिए पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके।

परीक्षा के सफल संचालन हेतु समाहरणालय, नवादा में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से परीक्षा से संबंधित सभी गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी। साथ ही अग्निशमन, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। सिविल सर्जन, नवादा को चिकित्सकों एवं जीवन रक्षक दवाओं सहित एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, नवादा को सभी परीक्षा केन्द्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, नवादा को परीक्षा के दिन शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, नवादा, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नवादा, अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर, गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता, डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी नवादा सदर, प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी केन्द्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी उपस्थित थे।

--आईएएनएस

एमएस/