Aapka Rajasthan

बिहार: मुजफ्फरपुर के कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा हत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित

मुजफ्फरपुर, 1 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र में कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की हत्या मामले में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा का दावा है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दिया जाएगा।
 
पुलिस के मुताबिक, मुजफ्फरपुर के अमर सिनेमा रोड पर आइकॉन टावर्स के समीप रविवार रात अज्ञात अपराधियों ने कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। मृतक मुजफ्फरपुर के चर्चित पूर्व मेयर समीर कुमार और प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोविंद को आइकॉन टावर्स के समीप गोली मारी गई, जहां वह किराए के फ्लैट में रहता था। बताया जा रहा है कि गोविंद शर्मा घटना के समय सड़क से अपने मकान की तरफ बढ़ा ही था कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की ओर से उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसएसपी मिश्रा ने बताया कि इस घटना की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। घटनास्थल से पांच जिंदा कारतूस और छह खोखे बरामद हुए हैं। गोविंद पर विभिन्न थानों में आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है।

बताया जा रहा है कि गोविंद कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और गैंगवार के एंगल से भी मामले की पड़ताल की जा रही है।

नगर थाना पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीसीएच