बिहार : मुंगेर में पति के सामने नवविवाहिता के कथित अपहरण से सनसनी, पति ने प्रेम प्रसंग का लगाया आरोप
मुंगेर, 21 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुंगेर जिले में सोमवार देर रात बीच सड़क पर एक नवविवाहिता के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने आरोप लगाया है कि हथियारबंद बदमाशों ने ई-रिक्शा रोककर पहले उसके और परिवार के अन्य सदस्यों की पिटाई की, फिर उसकी पत्नी को जबरन अपने साथ ले गए। हालांकि पुलिस ने अभी तक अपहरण या प्रेम प्रसंग से जुड़े किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना मुंगेर-जमालपुर मुख्य मार्ग पर नौलखा हवाई अड्डा के समीप हुई। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज निवासी आनंद कुमार ने बताया कि उसकी शादी 29 जून को खड़गपुर की एक लड़की से हुई थी। सोमवार को वह अपनी पत्नी, बहन, बहनोई और भांजे के साथ मुंगेर घूमने आया था। देर रात सभी ई-रिक्शा से जमालपुर स्टेशन लौट रहे थे।
पीड़ित के मुताबिक, रास्ते में तीन बाइक पर सवार कुछ युवक उनका पीछा करने लगे। नौलखा और सफियासराय पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने ई-रिक्शा को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने आनंद कुमार की पिटाई की और बीच-बचाव करने पहुंचे उसकी बहन, बहनोई तथा भांजे के साथ भी मारपीट की। इसके बाद 20 वर्षीय नवविवाहिता को ई-रिक्शा से उतारकर हथियार के बल पर अपने साथ जमालपुर की ओर ले गए।
आनंद कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का शादी से पहले एक युवक से प्रेम संबंध था और उसी पक्ष के लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का विषय बताया है। घटना के बाद पुलिस मौके पर भी पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि नवविवाहिता की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
