Aapka Rajasthan

'बिहार में नीतीश कुमार की इच्छा के अनुसार ही चलेगी सरकार', राज्यसभा जाने के फैसले पर सहयोगी दलों ने दीं शुभकामनाएं

नई दिल्ली/पटना, 5 मार्च (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री बिहार के राज्यसभा जाने की घोषणा पर एनडीए में सहयोगी भाजपा और लोजपा (रामविलास) के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में आगे भी नीतीश कुमार की इच्छा के अनुसार ही सरकार चलेगी।
 
'बिहार में नीतीश कुमार की इच्छा के अनुसार ही चलेगी सरकार', राज्यसभा जाने के फैसले पर सहयोगी दलों ने दीं शुभकामनाएं

नई दिल्ली/पटना, 5 मार्च (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री बिहार के राज्यसभा जाने की घोषणा पर एनडीए में सहयोगी भाजपा और लोजपा (रामविलास) के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में आगे भी नीतीश कुमार की इच्छा के अनुसार ही सरकार चलेगी।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर कहा, "नीतीश कुमार ने तीन साल पहले कहा था कि हमें राज्यसभा जाने की इच्छा है। अभी कोई उन्हें वहां नहीं भेज सकता। वे अपने मन से गए हैं। सरकार आगे भी उनकी इच्छा के अनुसार ही चलती रहेगी।"

लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मुख्यमंत्री जी, आपको एनडीए गठबंधन की ओर से राज्यसभा के लिए नामित करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। पूर्ण विश्वास है कि आपके अनुभव, समर्पण और जनसेवा की भावना से संसद के उच्च सदन में देश और समाज के हितों को मजबूती मिलेगी।"

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा चुनाव-2026 के लिए जदयू से उम्मीदवार घोषित किए जाने पर अनंत बधाई और शुभकामनाएं। आपका दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और बिहार के समग्र विकास के लिए आपका सतत प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। विश्वास है कि आपके अनुभव और नेतृत्व से राज्यसभा की गरिमा और भी सुदृढ़ होगी।"

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जदयू)की ओर से राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवार घोषित किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपका दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन की मजबूत परंपरा और बिहार के विकास के प्रति निरंतर समर्पण पूरे देश के लिए प्रेरणा है। आपके अनुभव, संतुलित निर्णय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता ने बिहार को नई पहचान दी है। पूर्ण विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन और नेतृत्व से राज्यसभा में बिहार की आवाज और अधिक प्रभावशाली ढंग से उठेगी तथा देश के विकास में नई ऊर्जा का संचार होगा।"

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने पोस्ट किया, "नीतीश कुमार पिछले तीन-चार दशकों से बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे हैं। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालकर सुशासन की स्थापना में उनका योगदान सर्वोच्च रहा है। उनके नेतृत्व में राज्य ने प्रशासनिक स्थिरता, विकास और व्यवस्था की एक नई दिशा प्राप्त की।"

नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने आगे लिखा, "सार्वजनिक जीवन में आपने (नीतीश कुमार) हमेशा सुचिता, सम्मान और नैतिकता के मूल्यों को स्थापित किया है। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में आपका कार्यकाल राज्य के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। अब राज्यसभा सदस्य के रूप में भी सदन आपके अनुभव, दृष्टि और नेतृत्व से निश्चित रूप से गौरवान्वित होगा। आपके उज्ज्वल भविष्य और इस नई पारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। विकसित भारत के निर्माण में आपका अनुभव और योगदान देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा।"

--आईएएनएस

डीसीएच/