बिहार में हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा शुरू, सीएम सम्राट चौधरी ने 'पटना जॉय राइड' का किया शुभारंभ
पटना, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में पर्यटन को नई दिशा देने की पहल करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने शनिवार को 'मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026' के तहत 'पटना जॉय राइड' का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर जॉय राइड पर जाने वाले पर्यटकों को टिकट प्रदान कर योजना की औपचारिक शुरुआत की। साथ ही उन्होंने पटना हवाई अड्डा परिसर स्थित बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित हैंगर का उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस (सीपीएल) प्राप्त चार अभ्यर्थियों- कैप्टन कुमार धैर्य, कैप्टन जीनियस विवेक, कैप्टन कर्ण कुमार भारती और कैप्टन सोनल मान सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार चाहती है कि राज्य के युवा विमानन जैसे आधुनिक और संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र में आगे बढ़ें तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना के माध्यम से पर्यटकों को बिहार के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों का हवाई दृश्य देखने का अनूठा अवसर मिलेगा। इससे राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश आकर्षित होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिक उड्डयन और पर्यटन क्षेत्र की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का नया हैंगर और हेली-टूरिज्म जैसी पहलें राज्य को विमानन और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से देश-विदेश के अधिक से अधिक पर्यटक बिहार की ओर आकर्षित होंगे।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवड़े, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंद किशोर, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और हेलीकॉप्टर जॉय राइड में शामिल पर्यटक मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी
