Aapka Rajasthan

बिहार में एनकाउंटर और बुलडोजर के जरिए पुलिस राज्य बनाने की साजिश कर रही सरकार: दीपांकर भट्टाचार्य

पटना, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने बिहार के पटना के मनेर इलाके में पुलिस मुठभेड़ में तीन संदिग्ध अपराधियों के मारे जाने की घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई को मानवता, लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताते हुए कहा कि बिहार में अब सुशासन की जगह बुलडोजर और एनकाउंटर का शासन चल रहा है।
 

पटना, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने बिहार के पटना के मनेर इलाके में पुलिस मुठभेड़ में तीन संदिग्ध अपराधियों के मारे जाने की घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई को मानवता, लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ बताते हुए कहा कि बिहार में अब सुशासन की जगह बुलडोजर और एनकाउंटर का शासन चल रहा है।

उन्होंने इस कार्रवाई के खिलाफ पटना से लेकर पूरे बिहार में विरोध करने की अपील की। दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार में पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में कम से कम सुशासन की बात होती थी, लेकिन अब वह बात भी खत्म हो गई है। नीतीश कुमार भी भाजपा के समर्थन पर निर्भर थे और भाजपा के रहते बहुत कुछ नहीं कर पाए, लेकिन उस समय सुशासन का नारा तो दिया जाता था। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शासन में गोली मारने, बुलडोजर चलाने और घर गिराने की बातें हो रही हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पुलिस को यह अधिकार किसने दिया है कि वह खुद ही किसी को सजा देने लगे? उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप है तो पुलिस का काम उसे गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना और न्यायालय तक पहुंचाना है। न्याय करने और फैसला सुनाने का अधिकार अदालत का है, पुलिस का नहीं।

भाकपा (माले) महासचिव ने कहा कि मनेर की घटना में मारे गए तीन लोगों में से दो के यादव जाति से होने और एक अन्य जाति के होने की बात सामने आई है। इसके अलावा मोबाइल से घटना की रिकॉर्डिंग कर रहे एक नौजवान को भी निशाना बनाए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले को जाति के नजरिये से नहीं देखना चाहिए। सवाल कानून और संवैधानिक अधिकारों का है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई बिहार को पुलिस राज्य में तब्दील करने की साजिश है। आज किसी एक जाति, पार्टी या विचारधारा के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन कल कोई भी सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर के जरिए लोगों की जमीन छीनी जा रही है और मतदाता सूची से भी बड़ी संख्या में नाम हटाए जा रहे हैं।

दीपांकर ने कहा कि भोजपुर की तरह पटना सहित पूरे बिहार में एनकाउंटर के खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि त्योहार के बीच एनकाउंटर किए जा रहे हैं । उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लोगों को 'दिमागी नक्सल' कहकर उकसाने के भी आरोप लगाए। उन्होंने राज्य सरकार पर हिंसा और हत्या की राजनीति करने की बात कही।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी