Aapka Rajasthan

बिहार में पेंशन उत्सव के तहत मुजफ्फरपुर के 4.17 लाख लाभार्थियों के खातों में सीधे पहुंचे 64.58 करोड़

मुजफ्फरपुर, 10 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान बढ़ी हुई पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले के 4 लाख 17 हजार से अधिक पेंशनधारियों के खातों में जून माह की कुल 64 करोड़ 58 लाख 31 हजार 400 रुपये की राशि भेजी गई।
 

मुजफ्फरपुर, 10 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान बढ़ी हुई पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले के 4 लाख 17 हजार से अधिक पेंशनधारियों के खातों में जून माह की कुल 64 करोड़ 58 लाख 31 हजार 400 रुपये की राशि भेजी गई।

मुजफ्फरपुर समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में पेंशनधारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़ी हुई राशि से दवा, भोजन और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

पेंशन राशि में हुई वृद्धि के बाद जिले के वृद्धजन, विधवा, दिव्यांग एवं अन्य जरूरतमंद लाभार्थियों में खुशी का माहौल है। राज्य सरकार ने इस अवसर को “पेंशन उत्सव” के रूप में मनाया। इसका उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक सुरक्षा, सम्मान और सहयोग प्रदान करना है।

बता दें कि जिले में अलग-अलग सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में राशि भेजी गई। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,27,221 लाभार्थियों को 27 करोड़ 98 लाख 86 हजार 200 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 27,500 लाभार्थियों को 6 करोड़ 5 लाख रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के 2,336 लाभार्थियों को 51 लाख 39 हजार 200 रुपये भेजे गए।

इसके अलावा, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 26,745 लाभार्थियों को 3 करोड़ 85 लाख से अधिक रुपये और बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के 22,050 लाभार्थियों को 2 करोड़ 47 लाख 42 हजार 800 रुपये का भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत सबसे अधिक 2,11,150 लाभार्थियों के खातों में 24 करोड़ 54 लाख 77 हजार 900 रुपये भेजे गए।

जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने सभी पेंशनधारियों को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए जीवन प्रमाणीकरण जरूरी है।

उन्होंने पेंशनधारियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में जाकर जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि पेंशन भुगतान नियमित रूप से जारी रह सके। जिले में अब तक 4 लाख 36 हजार 60 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण पूरा किया जा चुका है।

पेंशन राशि को बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किए जाने से लाभार्थियों को आर्थिक मजबूती मिल रही है। डीबीटी व्यवस्था के कारण राशि सीधे बैंक खातों में पहुंच रही है, जिससे भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आसान बनी है। “पेंशन उत्सव” कार्यक्रम ने सामाजिक सुरक्षा और सम्मान का संदेश देते हुए जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जगाई है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम