Aapka Rajasthan

बिहार: मधुबनी हत्याकांड में चौकीदार समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित, आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें गठित

मधुबनी, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) द्वारा फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकीदार समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें घटना के आरोपी सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) चंद्रमोहन सिंह के साथ पुलिस पिकेट पर तैनात पांच सैप जवान शामिल हैं। घटना की सूचना समय पर नहीं देने और गोली चलने के बाद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में चौकीदार और जवानों पर कार्रवाई की गई है।
 

मधुबनी, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) द्वारा फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकीदार समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें घटना के आरोपी सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) चंद्रमोहन सिंह के साथ पुलिस पिकेट पर तैनात पांच सैप जवान शामिल हैं। घटना की सूचना समय पर नहीं देने और गोली चलने के बाद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में चौकीदार और जवानों पर कार्रवाई की गई है।

आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 12 विशेष टीमें गठित की हैं। उसके खिलाफ 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जिले के भीतर, जिले के बाहर और नेपाल सीमा से सटे संदिग्ध इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी ने बताया कि उन्होंने और सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल की जांच की। जांच में पाया गया कि बलिराजगढ़ के चौकीदार बिजेंद्र पासवान ने घटना की सूचना समय पर नहीं दी। आरोपी के फरार होने के दौरान भी उसने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसे निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उसे सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

पुलिस पिकेट पर तैनात पांच सैप जवानों को भी निलंबित कर पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। पुलिस के अनुसार, रात में गोली चलने के बाद जवानों ने समय पर प्रतिक्रिया नहीं दी, जिससे उनके कर्तव्य के प्रति उदासीनता सामने आई है। उन्हें सेवा से बाहर करने के लिए भी पत्राचार किया गया है। मामले में मृतका की पत्नी के लिखित आवेदन पर बाबूबरही थाने में प्राथमिकी संख्या 576/26 दर्ज की गई है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 109(1), 74 और 75 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना के समय जिस लड़की के घर पर आरोपी मौजूद था, उसका बयान भी दर्ज किया गया है।

पीड़ित लड़की की चिकित्सकीय जांच और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

एसपी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है और 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट और कुर्की की कार्रवाई के लिए भी प्रक्रिया जारी है। मामले के गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द अनुसंधान पूरा कर आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। एसपी ने इस घटना को अत्यंत गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि पुलिस आरोपी को सामान्य अपराधी से भी अधिक कठोर सजा दिलाने के लिए प्रयास करेगी।

जिला पदाधिकारी और एसपी ने संयुक्त रूप से जिला जज को पत्र भेजकर मामले को त्वरित सुनवाई में शामिल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह की तस्वीर सार्वजनिक करते हुए उसके वर्तमान ठिकाने की जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।

बता दें कि मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र में सोमवार और मंगलवार की रात करीब एक बजे एक महिला के घर में मौजूद सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) द्वारा की गई गोलीबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी