Aapka Rajasthan

बिहार: लू के खतरे के बीच स्कूल टाइमिंग में बड़ा बदलाव, छोटे बच्चों की क्लास 11:30 बजे तक

पटना, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में बढ़ती गर्मी और उमस भरे मौसम को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के समय में फिर से बदलाव का आदेश जारी किया है।
 
बिहार: लू के खतरे के बीच स्कूल टाइमिंग में बड़ा बदलाव, छोटे बच्चों की क्लास 11:30 बजे तक

पटना, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में बढ़ती गर्मी और उमस भरे मौसम को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनवाड़ी केंद्रों के समय में फिर से बदलाव का आदेश जारी किया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मौजूदा मौसम की स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत यह निर्देश जारी किया गया है।

नए आदेश के मुताबिक, कक्षा 5 तक के सभी छात्रों (प्री-स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों सहित) की पढ़ाई सुबह से लेकर अधिकतम 11:30 बजे तक ही संचालित की जाएगी। वहीं, कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए कक्षाएं दोपहर 12:30 बजे तक ही चलेंगी। इससे पहले प्रशासन ने कक्षा 8 तक के लिए 12:30 बजे तक का ही समय निर्धारित किया था, जिसे अब और संशोधित किया गया है।

वहीं, कक्षा 6 से ऊपर के छात्रों के लिए स्कूल का संचालन पूर्व निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेगा।

स्कूल प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपनी समय-सारिणी में बदलाव करें और आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से लागू होकर 25 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेगा।

इधर, पटना स्थित भारतीय मौसम विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 22 से 24 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी बिहार में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण (उत्तर-पश्चिम बिहार), मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, वैशाली और समस्तीपुर (उत्तर-मध्य बिहार), तथा पटना, अरवल, जहानाबाद, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, नालंदा, नवादा और गया (दक्षिण बिहार) जिलों में लू का प्रभाव अधिक रहेगा।

इन क्षेत्रों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। साथ ही, अधिक नमी के कारण ‘फील्स लाइक’ तापमान और भी ज्यादा महसूस होगा, जिससे लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है।

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के और ढीले कपड़े पहनें और विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों तथा पहले से बीमार लोगों का खास ध्यान रखें।

--आईएएनएस

डीएससी