'बिहार को विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी', पीएम मोदी के दौरे से एनडीए में उत्साह
पटना, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर जेडीयू, भाजपा, एलजेपी (आर) और एनडीए के अन्य घटक दलों के नेताओं ने इसे बिहार के लिए गौरव और खुशी का अवसर बताया है। नेताओं ने बताया कि इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी वैशाली जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक पार्क पहुँचेंगे और 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा राज्य में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा।
एनडीए नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, राज्य के लिए नई सौगात लेकर आते हैं। इस बार भी लोगों को कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा और विकास कार्यों की उम्मीद है।
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को बेहद खुशी और गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री का जंदाहा-राजापाकर औद्योगिक पार्क पहुँचना बिहार के लिए विशेष महत्व रखता है। प्रधानमंत्री मोदी अगले दिन 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और कई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। पीएम मोदी के स्वागत को लेकर माहौल काफी उत्साहपूर्ण है। लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर उमंग है और वे इस अवसर को ऐतिहासिक बनाना चाहते हैं। बिहार के लोग इस दौरे को यादगार बनाने के लिए उत्साहित हैं।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, राज्य के लिए कुछ अच्छा लेकर आते हैं। इस बार भी उनका आगमन बिहार के लिए शुभ साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे को राज्य के लिए अच्छे अवसर के रूप में देखा और उम्मीद जताई कि इससे बिहार को लाभ मिलेगा।
कैमूर में आरएलएम के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का बिहार आना राज्य के लोगों के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री इस बार भी बिहार को कोई बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और एनडीए गठबंधन के सभी नेता इस दौरे को लेकर काफी उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा बिहार के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। गठबंधन के सभी लोग इस कार्यक्रम को लेकर सकारात्मक माहौल में हैं और राज्य को मिलने वाली नई परियोजनाओं का इंतजार कर रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी सम्राट सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर बिहार आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राज्य की जनता को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। सरकार के एक साल के कार्यकाल के मौके पर प्रधानमंत्री का आगमन बिहार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उन्होंने विकास योजनाओं को इस दौरे का प्रमुख हिस्सा बताया।
मंत्री संजय सिंह ने प्रधानमंत्री के दौरे को बिहार और विशेष रूप से वैशाली जिले के लोगों के लिए गर्व का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का वैशाली आना जिले के निवासियों के लिए खुशी की बात है। लोगों को विश्वास है कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, राज्य के लिए कई सौगात लेकर आते हैं। इस बार भी वैशाली जिले के लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि प्रधानमंत्री उनके क्षेत्र के लिए कौन-कौन सी योजनाओं की घोषणा करेंगे।
उन्होंने कहा कि जब से प्रधानमंत्री का कार्यक्रम वैशाली जिले में निर्धारित हुआ है, तब से स्थानीय लोगों की निगाहें उनके दौरे पर टिकी हुई हैं। सभी को यह जानने की उत्सुकता है कि प्रधानमंत्री इस बार जिले और राज्य के लिए क्या नई योजनाएं लेकर आएंगे। कार्यक्रम को लेकर लोगों में काफी उत्साह है और वे प्रधानमंत्री के आगमन का इंतजार कर रहे हैं।
मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लोकतंत्र की जन्मस्थली वैशाली पहुँच रहे हैं और उनके स्वागत की तैयारियाँ की जा रही हैं। प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, राज्य के लिए बड़ी परियोजनाएँ लेकर आते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दौरे से भी बिहार को महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी।
एलजेपी (आर) सांसद राजेश वर्मा ने प्रधानमंत्री के दौरे को बिहार के लिए खुशी और गर्व का दिन बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार 'जंगलराज' के दौर से निकलकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा है। उन्होंने 'नीतीश सेतु' का नामकरण और उसके उद्घाटन को भी महत्वपूर्ण बताया। राजेश वर्मा ने कहा कि आज एक पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है और अब देश के प्रधानमंत्री उसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। यह बिहार के लिए गर्व का अवसर है।
--आईएएनएस
पीएसके
