Aapka Rajasthan

बिहार के पूर्व मंत्री प्रेम कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए भरा नामांकन, निर्विरोध निर्वाचन तय

पटना, 1 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के गया सदर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित प्रेम कुमार का विधानसभा अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। उन्होंने सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा रहे।
 
बिहार की 18वीं विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। पहले दिन प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई। इसके बाद बिहार के पूर्व मंत्री प्रेम कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।

हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को 35 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। प्रेम कुमार भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वे गया सदर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे इस सीट से इस बार लगातार नौवीं बार विधायक चुने गए हैं। बिहार सरकार में उन्होंने विभिन्न विभागों के मंत्री का दायित्व भी सफलता पूर्वक निभाया है। वे विधानसभा में बतौर विपक्ष के नेता भी रह चुके हैं।

हाल में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की। दूसरे नंबर पर नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) 85 सीटों के साथ है। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति (आर) ने 29 सीटों पर चुनाव लड़ा और 19 सीटों पर जीत दर्ज की, जो एनडीए में तीसरे नंबर की सबसे बड़ी पार्टी और पूरे बिहार में चौथे नंबर की पार्टी रही। एनडीए में शामिल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को चार सीटों पर जीत मिली है। प्रदेश की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को 25 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को छह सीटों पर संतोष करना पड़ा था।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी