Aapka Rajasthan

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को करेंगे विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले का शुभारंभ, एक माह तक चलेगा आयोजन

पटना, 21 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। एक माह तक चलने वाले इस मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
 

पटना, 21 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। एक माह तक चलने वाले इस मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि मेले में पर्यटकों की सुविधा और आकर्षण को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग ने सांस्कृतिक पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज का निर्माण कराया है। मेले की पूरी अवधि में सांस्कृतिक पंडाल में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसमें जिला प्रशासन द्वारा चयनित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। पर्यटकों की सहायता के लिए सांस्कृतिक पंडाल में अस्थायी पर्यटक सूचना केंद्र भी बनाया गया है। यहां पर्यटक गाइडों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो मेले में आने वाले लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

उन्होंने बताया कि बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से पर्यटन ग्राम में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त छह राजवाड़ी टेंट (स्वीस कॉटेज) तैयार किए गए हैं। सभी कॉटेज डबल बेड और अटैच बाथरूम की सुविधा से युक्त हैं। इनमें पांच सितारा होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। देसी पर्यटकों के लिए कॉटेज का किराया तीन हजार रुपए प्रतिदिन और विदेशी पर्यटकों के लिए पांच हजार रुपए प्रतिदिन निर्धारित किया गया है।

पर्यटन निगम ने पटना से सोनपुर के लिए विशेष टूर पैकेज भी तैयार किया है। दो व्यक्तियों के लिए एक रात और दो दिन के फैमिली पैकेज की कीमत 5,200 रुपए रखी गई है। इसमें एसी वाहन, टूरिस्ट गाइड, ठहरने, भोजन, स्नैक्स और पानी की सुविधा शामिल है। इसके तहत हरिहरनाथ मंदिर में दर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेला भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा 900 से 1,400 रुपये प्रति व्यक्ति तक का एकदिवसीय टूर पैकेज भी उपलब्ध है। इसमें वाहन, गाइड, स्नैक्स और पानी की सुविधा के साथ हरिहरनाथ मंदिर और मेले का भ्रमण कराया जाएगा।

पैकेज की बुकिंग और जानकारी के लिए पर्यटक निगम की वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं। सोनपुर का विशाल मेला बिहार के जनमन में काफी गहरा महत्व रखता है जो आंचलिकता, परंपरा और मनोरंजन का अद्भुत संगम है। पशु मेले के रूप में यह पूरे एशिया में सबसे बड़े मेले के तौर पर पहचाना जाता है। एक महीने तक चलने वाले इस मेले की शुरूआत प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन से होती है।

सारण जिले के सोनपुर में गंडक और गंगा के पवित्र संगम पर सोनपुर मेले का आयोजन होता है। गंगा और गंडक के इस संगम स्थल पर कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर लोग पवित्र स्नान करते हैं, ताकि भगवान विष्णु की विशेष कृपा उन पर हो।

--आईएएनएस

एमएनपी/एमएस