Aapka Rajasthan

बिहार के आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी अमृत भारत स्टेशन योजना : जदयू

पटना, 17 जुलाई (आईएएनएस)। एनडीए के नेताओं ने रेलवे विकास, कोलकाता की बांकरा मस्जिद, पंजाब के विकास, किशनगंज एयरपोर्ट परियोजना और भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि एनडीए सरकार विकास कर रही है जबकि विपक्ष जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
 

पटना, 17 जुलाई (आईएएनएस)। एनडीए के नेताओं ने रेलवे विकास, कोलकाता की बांकरा मस्जिद, पंजाब के विकास, किशनगंज एयरपोर्ट परियोजना और भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अपना पक्ष रखते हुए कहा कि एनडीए सरकार विकास कर रही है जबकि विपक्ष जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन का स्वागत करते हुए जदयू विधायक श्याम रजक ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह बिहार के लिए महत्वपूर्ण और स्वागत योग्य कदम है। प्राचीन काल से ही रेलवे अवसंरचना के मामले में बिहार अपेक्षाकृत पिछड़ा रहा है और राज्य में निवेश की कमी का एक प्रमुख कारण बेहतर रेल संपर्क का अभाव रहा है।

श्याम रजक ने कहा कि किसी भी राज्य के आर्थिक विकास के लिए मजबूत परिवहन व्यवस्था आवश्यक होती है, ताकि उत्पादन किए गए सामान को आसानी से देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाया जा सके।

कोलकाता में बांकरा मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद पर श्याम रजक ने कहा कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि मस्जिद एयरपोर्ट परिसर के भीतर है या बाहर और एयरपोर्ट निर्माण के समय संबंधित अधिकारियों ने कोई आपत्ति दर्ज कराई थी या नहीं। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा कारणों से किसी संरचना को हटाने की आवश्यकता पड़ती है तो सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

वहीं, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने पंजाब के विकास पर कहा कि कभी देश के अग्रणी राज्यों में शामिल रहा पंजाब अपेक्षित गति से विकास नहीं कर पाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश का हर राज्य समान रूप से आगे बढ़े, क्योंकि सभी राज्यों के समग्र विकास से ही भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। इसी सोच के तहत केंद्र सरकार पंजाब में विभिन्न विकास परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दे रही है।

किशनगंज एयरपोर्ट परियोजना पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह इलाका रणनीतिक और सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। नेपाल और बांग्लादेश की सीमाओं के निकट स्थित होने के कारण सरकार ने यहां पूर्ण विकसित एयरपोर्ट बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि आपात प्रावधानों के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसके लिए प्रारंभिक राशि भी जारी कर दी गई है। सरकार को उम्मीद है कि अधिग्रहण का कार्य जल्द पूरा होगा।

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि कुछ लोग इस मामले का राजनीतिकरण करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार निष्पक्ष तरीके से जांच कर रही है और न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने विपक्ष से इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग न देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम