बिहार जीत चुके हैं, अब बंगाल की बारी है: धर्मशीला गुप्ता
पटना, 23 दिसंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने मंगलवार को दावा किया है कि एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव में बंपर जीत के साथ सरकार में वापसी की। बिहार जीत चुके हैं, अब बंगाल की बारी है। बंगाल में भी भाजपा कमल खिलाएगी।
भाजपा सांसद का यह बयान उस वक्त आया है जब भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन बिहार दौरे पर थे। पटना में उनका जोरदार स्वागत किया गया। पटना एयरपोर्ट पर उन्हें लेने के लिए भाजपा बिहार चीफ संजय सरावगी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, और विजय सिन्हा मौजूद थे। नितिन नबीन पटना में आयोजित एक रोड शो में भी शामिल हुए।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के बिहार आगमन को ऐतिहासिक दिन बताया। कहा कि नितिन नबीन बिहार के लाल, बिहार के बेटे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का आशीर्वाद बिहार पर रहा है। उन्होंने नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व देकर कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया है। इससे बिहार का सम्मान बढ़ा है और मातृ शक्ति को बल मिला है।
धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि भाजपा में यह संभव है कि एक साधारण कार्यकर्ता को भी इतने ऊंचे पद तक पहुंचाया जाए। पीएम मोदी का आभार कि उन्होंने एक युवा को नेतृत्व सौंपा है। नितिन नबीन ने युवा मोर्चा से लेकर कई दायित्व निभाए हैं और कुशल संगठनकर्ता रहे हैं। उन्हें मिली इस नई जिम्मेदारी से बिहार को सम्मान मिला है, स्वाभिमान बढ़ा है। उनके नेतृत्व में भाजपा के संगठन को मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी भारत के नहीं लगते, भारतीयता से उनका कोई नाता नहीं रह गया है। कभी लोकसभा में आते हैं, जब चुनाव हारते हैं तो विदेश में पिकनिक मनाते हैं और भारत की बुराई करते हैं। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि विधानसभा सत्र में वे नहीं रहते, विदेश चले जाते हैं। परिवारवाद में मां-बेटे का राज चलता है, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करती। ये परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली पार्टियां हैं, जबकि पीएम मोदी हर कार्यकर्ता की भावना से समाज हित में काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने कार्यकर्ता को सम्मान दिया है; पूरा बिहार खुशी मना रहा है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी
