Aapka Rajasthan

बिहार: जापान में ‘सुपर 30’ की कहानी को मिली सराहना, आनंद कुमार बोले- पटना से शुरू हुआ सफर विदेशों में भी युवाओं को कर रहा प्रेरित

पटना, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रसिद्ध गणितज्ञ और सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार ने जापान में अपनी संघर्ष और सफलता की कहानी को मिल रहे प्यार और उत्साह पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है कि पटना की एक छोटी-सी कक्षा से शुरू हुई सुपर 30 की कहानी आज जापान के युवाओं, शिक्षकों और आम नागरिकों को भी प्रेरित कर रही है।
 

पटना, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रसिद्ध गणितज्ञ और सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार ने जापान में अपनी संघर्ष और सफलता की कहानी को मिल रहे प्यार और उत्साह पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है कि पटना की एक छोटी-सी कक्षा से शुरू हुई सुपर 30 की कहानी आज जापान के युवाओं, शिक्षकों और आम नागरिकों को भी प्रेरित कर रही है।

उन्होंने बताया कि जापान के इबाराकी प्रांत के मोरिया शहर में फिल्म ‘सुपर 30’ की विशेष निःशुल्क स्क्रीनिंग के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उनके जीवन तथा शिक्षा के मिशन को करीब से जानने में दिलचस्पी दिखाई।

मोरिया सिटी सेंट्रल कम्युनिटी सेंटर के मुख्य सभागार में आयोजित इस विशेष स्क्रीनिंग में जापानी विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दर्शकों की दिलचस्पी सिर्फ फिल्म देखने तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे आनंद कुमार के संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और सुपर 30 की असाधारण यात्रा को भी समझना चाहते थे।

दर्शकों ने विशेष रूप से यह जानने में रुचि दिखाई कि पटना की एक छोटी-सी कक्षा से शुरू हुआ शैक्षणिक अभियान किस तरह वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए उम्मीद की किरण बना। सीमित संसाधनों के बीच शिक्षा के माध्यम से बच्चों का भविष्य संवारने की इस पहल ने जापानी लोगों को प्रभावित किया।

इस विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन सामाजिक संस्था ‘एसोसिएशन फॉर थिंकिंग अबाउट एजुकेशन लर्न्ड फ्रॉम इंडिया’ के प्रतिनिधि एडा ने मोरिया सिटी बोर्ड ऑफ एजुकेशन के सहयोग से किया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय शिक्षा के अनुभवों से सीखना और यह संदेश फैलाना था कि शिक्षा गरीबी तथा सामाजिक असमानता की दीवारों को तोड़ने की ताकत रखती है।

आनंद कुमार ने कहा कि यह देखकर बेहद खुशी होती है कि लोग उनकी व्यक्तिगत यात्रा के साथ-साथ शिक्षा के उस मिशन को भी समझना चाहते हैं, जिसके लिए सुपर 30 की शुरुआत की गई थी।

उन्होंने एडा, उनकी पूरी आयोजन संस्था और मोरिया सिटी बोर्ड ऑफ एजुकेशन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जापान के लोगों का स्नेह और उत्साह शिक्षा के माध्यम से वंचित बच्चों के जीवन में बदलाव लाने के प्रयासों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच