बिहार : जमुई छेड़खानी कांड का मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
पटना, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद मचे बवाल के बीच पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के साथ मुठभेड़ में घटना का मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल हो गया है। पुलिस के अनुसार, उसके पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना 19 सितंबर की बताई जा रही है और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया था। मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में पहाड़ी इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस दल पर हमला किया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल हो गया। उन्होंने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके पैर की हड्डी टूटने की बात सामने आई है और उसका भी इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, जमुई के मड़वा पहाड़ी इलाके में 19 सितंबर की शाम एक नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त को कुछ युवकों ने रोक लिया था। इस दौरान छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की गई जबकि उसके साथ मौजूद युवक के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू की थी।
पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे कई लोगों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी कार्रवाई शुरू की है।
घटना के वीडियो प्रसारित करने वाले कई सोशल मीडिया प्रोफाइल के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। जमुई की इस घटना को लेकर बिहार में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गया है। विपक्ष ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं जबकि पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
