बिहार: हाजीपुर में घर लौट रहे नाबालिग को बंधक बनाकर तीन लोगों ने किया अप्राकृतिक यौनाचार, दो गिरफ्तार
वैशाली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के हाजीपुर में घर लौट रहे नाबालिग के साथ कथित अप्राकृतिक यौनाचार और लूटपाट का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर टेंपो जब्त किया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित दिघी स्थित बाइक एजेंसी से घर जाने के लिए टेंपो पर सवार हुआ था। आरोप है कि एकारा पुल के पास विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जबरन दूसरी ओर ले जाने की कोशिश हुई। किसी तरह भागने के बाद वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया।
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि एक आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें शिकायतकर्ता ने तीन लोगों पर बेटे से मारपीट का आरोप लगाया है। इस शिकायत के आधार पर एक मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई। उन्होंने बताया कि शिकायत में जिस तरह मारपीट का मामला आया था, जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग के साथ कथित तौर पर अप्राकृतिक यौनाचार भी किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के क्रम में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया है। दोनों आरोपी ऑटो-रिक्शा चलाते हैं। 15 अक्टूबर को नाबालिग रास्ते में ऑटो का इंतजार कर रहा था। तभी आरोपी वहां ऑटो लेकर पहुंचे थे। वे पहले से एक दूसरे को नहीं जानते थे।
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि आरोपियों ने अपने ऑटो में नाबालिग को एक सवारी के रूप में बैठाया था और कथित तौर पर बंधक बनाकर एक सुनसान जगह ले गए। इसके बाद एकारा पुल के पास आरोपियों ने अप्राकृतिक यौनाचार की घटना को अंजाम दिया।
--आईएएनएस
डीसीएच/
