बिहार: गुप्ता धाम श्रावणी मेले की तैयारी तेज, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष फोकस
रोहतास, 10 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले में स्थित प्रसिद्ध गुप्ता धाम में 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां भगवान गुप्तेश्वर महादेव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने गुप्ता धाम पहुंचकर श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, ऑक्सीजन सप्लाई, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी इंतजामों को बेहतर करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि गुप्तेश्वर धाम में दर्शन के साथ-साथ श्रावणी मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि गुफा के अंदर ऑक्सीजन की जरूरत अधिक होती है। फिलहाल वहां ऑक्सीजन की व्यवस्था मौजूद है, लेकिन इसे और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुफा में एग्जॉस्ट सिस्टम भी लगा हुआ है, लेकिन श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ऑक्सीजन व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि मेले के दौरान लगने वाली दुकानों को लेकर भी पूजा समिति के साथ चर्चा की गई है। सहमति बनी है कि पुल से पहले ही दुकानों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि गुप्ता धाम परिसर में कुछ जगहों पर कंकड़ होने के कारण श्रद्धालुओं को चलने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए मैट बिछाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए परफोरेटेड मैट लगाए जाएंगे, जिन पर चलना आसान होगा और फिसलने का खतरा भी कम रहेगा। इसके अलावा पेयजल और शौचालय की सुविधाओं को पिछले वर्षों की तुलना में और बेहतर किया जाएगा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गेट से लेकर पुल तक करीब 50 मीटर क्षेत्र को खाली कराया जाएगा, ताकि वहां कंट्रोल रूम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, मजिस्ट्रेट और मेडिकल टीम की तैनाती की जा सके।
एसपी ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेडिंग के साथ क्यूइंग सिस्टम बनाया जाएगा। इससे लोग व्यवस्थित तरीके से कतार में लगकर मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे और बाहर निकलने के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिजली के तारों और जनरेटर को भी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा, जिससे मेले के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु भी मेले में पहुंचती हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे, क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी), बाइक क्यूआरटी और पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
