Aapka Rajasthan

बिहार: जीपीएफ भुगतान के एवज में रिश्वत लेते पशुपालन विभाग का लिपिक गिरफ्तार

पटना, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को पटना में पशुपालन विभाग के एक लिपिक को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार के रूप में हुई है, जो अवर प्रमंडल पशुपालन कार्यालय, दानापुर में निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर कार्यरत है। उसे पटना स्थित एम्स गोलंबर के पास एक पान दुकान से रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।
 
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के निसरपुरा निवासी राजेंद्र प्रसाद ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके जीपीएफ (सामान्य भविष्य निधि) की छह लाख रुपए की राशि का भुगतान करने के एवज में आरोपी लिपिक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत प्राप्त होने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की कार्रवाई के लिए अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक जहांगीर अंसारी के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक आसिफ इकबाल मेहदी के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया।

टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए विजय कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे निगरानी के विशेष न्यायालय, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 118वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक कांड जिला से स्थानांतरित होने के बाद ब्यूरो द्वारा कुल 119 मामलों का अनुसंधान किया जा रहा है। इनमें ट्रैप से संबंधित यह 108वां मामला है। इन मामलों में अब तक कुल 108 अभियुक्तों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।

निगरानी ब्यूरो के मुताबिक, वर्ष 2026 में ट्रैप मामलों में अब तक 38 लाख 8 हजार 800 रुपए रिश्वत की राशि बरामद की जा चुकी है। इसके अलावा 37 हजार रुपए कीमत की एक नई वाशिंग मशीन भी बरामद की गई है। वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप मामले दर्ज किए गए थे और 37 लाख 80 हजार 300 रुपए की रिश्वत राशि बरामद हुई थी।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच