Aapka Rajasthan

बिहार: फ्लिपकार्ट पार्सल में हेराफेरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

सासाराम, 14 जून (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के नगर थाना पुलिस ने फ्लिपकार्ट के महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की अदला-बदली कर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
 
बिहार: फ्लिपकार्ट पार्सल में हेराफेरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

सासाराम, 14 जून (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के नगर थाना पुलिस ने फ्लिपकार्ट के महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की अदला-बदली कर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से कार, कैमरा, लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 13 जून की शाम करीब 8:30 बजे डेहरी और सासाराम की फ्लिपकार्ट टीम तीन संदिग्ध व्यक्तियों को कुछ पार्सलयुक्त सामान के साथ नगर थाना लेकर पहुंची थी। इनमें दो व्यक्ति फ्लिपकार्ट के डिलीवरी ब्वॉय के रूप में कार्यरत थे, जबकि तीसरा व्यक्ति प्राप्त सामान की डुप्लीकेट वस्तुएं तैयार करने का काम करता था।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों ने खुलासा किया कि गिरोह का संचालन समस्तीपुर निवासी सत्यकाम उर्फ किशु और अमर राजा कर रहे थे। दोनों ने उन्हें 40 हजार रुपये प्रतिमाह का लालच देकर इस अवैध कारोबार में शामिल किया था। गिरोह महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की डिलीवरी के दौरान असली उत्पाद निकालकर उसकी जगह नकली अथवा कम कीमत की वस्तुएं रख देता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया। तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की मदद से एक संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। सूचना के आधार पर गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में वाहन को रोककर उसमें सवार अमर राजा और सत्यकाम चौधरी को हिरासत में लिया गया तथा डेहरी थाना लाया गया।

वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक सोनी कैमरा, दो लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, तीन एप्पल हेडफोन, 15 बॉडी कैमरा, छह स्मार्ट वॉच, तीन गो-प्रो कैमरा, पांच ईयरबड्स, 14 मोबाइल चार्जर व डेटा केबल, प्लास्टिक सीलिंग मशीन सहित अन्य सामान बरामद किए। इसके अलावा दो हार्ड एयर गन भी जब्त की गईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यकाम उर्फ किशु, अमर राजा, चंदन कुमार, प्रदीप कुमार प्रिंस और हर्षल कुमार के रूप में हुई है। सभी समस्तीपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इस नेटवर्क से जुड़े संभावित मामलों की जांच में जुटी है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएसएच