Aapka Rajasthan

सीएम के नेतृत्व में बाढ़ प्रबंधन बेहतरीन, कांग्रेस की फरक्का संधि थी गलत : दिलीप जायसवाल

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में बाढ़ की समस्या पर बात करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि इस बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बाढ़ का बेहतरीन प्रबंधन किया है। चाहे वह नेपाल के बाढ़ का प्रभाव हो, गंगा के बाढ़ का प्रबंधन हो या पुनपुन नदी का प्रबंधन हो, सरकार ने बहुत मुस्तैदी के साथ काम किया है। सरकार आपदा में एक-एक व्यक्ति की मदद के लिए खड़ी है। साथ ही कांग्रेस पर तीखा हमला भी बोला।
 

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में बाढ़ की समस्या पर बात करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि इस बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बाढ़ का बेहतरीन प्रबंधन किया है। चाहे वह नेपाल के बाढ़ का प्रभाव हो, गंगा के बाढ़ का प्रबंधन हो या पुनपुन नदी का प्रबंधन हो, सरकार ने बहुत मुस्तैदी के साथ काम किया है। सरकार आपदा में एक-एक व्यक्ति की मदद के लिए खड़ी है। साथ ही कांग्रेस पर तीखा हमला भी बोला।

दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि बाढ़ की समस्या बिहार में तीन तरह से आती है। पहला कारण नेपाल के तराई और पहाड़ी इलाके से जुड़ा है। जब नेपाल में आपदा या भारी वर्षा होती है तो वहां का पानी बिहार के अंदर आ जाता है। दूसरा कारण पुनपुन और बूढ़ी गंडक नदी का बाढ़ है। तीसरा कारण गंगा नदी का उफान है।

उन्होंने कहा कि जब गंगा में उफान आता है तो बाढ़ का प्रवाह तेज हो जाता है। अभी की स्थिति में जो निचला इलाका है, उसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समय से ही यह सवाल उठाया जा रहा है कि कांग्रेस के जमाने में फरक्का को लेकर जो जल संधि हुई थी, वह उचित नहीं थी। जब गंगा में बाढ़ का पानी आता है तो भागलपुर और पीरपैंती जाते-जाते वह 17-18 किलोमीटर तक फैल जाता है। हालांकि प्रदेश की वर्तमान सरकार इस बाढ़ की स्थिति में लोगों को राहत देने का काम कर रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार की कोसी-मेची लिंक परियोजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस परियोजना के लिए 11 हजार करोड़ रुपये बिहार को दिए हैं। इससे मिथिलांचल और सीमांचल के इलाके में कोसी, मेची, महानंदा और तीस्ता नदियों के पानी का बेहतर प्रबंधन होगा। करीब दो लाख हेक्टेयर क्षेत्र में पानी को बैंक में जमा करके सिंचाई में उपयोग किया जाएगा और बाढ़ का भी बेहतर प्रबंधन हो सकेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की जरूरत दोहराए जाने पर दिलीप जायसवाल ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यूसीसी देश की जरूरत होगी। विकसित भारत का सपना तभी पूरा हो पाएगा जब देश में यूसीसी लागू होगा। यूसीसी समान अधिकार देता है।

इस मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम ही सरकार का विरोध करना रह गया है। विपक्ष अपनी जिम्मेदारी भूल चुका है। उसकी जिम्मेदारी लोगों की सेवा करना और लोगों के बीच जाना है, लेकिन विपक्ष दिल्ली या प्रदेश की राजधानी में बैठकर बयानबाजी करता है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को बाढ़ में पानी में जाकर लोगों से मिलना चाहिए, गरीबों की सेवा करनी चाहिए, गरीबों के इलाज में मदद करनी चाहिए, लेकिन विपक्ष यह सब काम नहीं करता।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम