छात्रों की मांगों को लेकर चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, बोले- संवाद और संवेदनशीलता से हो समाधान
पटना, 25 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के गर्दनीबाग में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों से मंगलवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुलाकात की। उन्होंने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों को विस्तार से सुना। इस दौरान छात्रों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी चिराग पासवान को सौंपा।
छात्रों से मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग के अभ्यर्थियों, बेल्ट्रॉन अभ्यर्थियों और शिक्षक भर्ती परीक्षा-4 के अभ्यर्थियों से जुड़ी मांगों एवं समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा।
चिराग पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के एक जिम्मेदार गठबंधन साथी होने के नाते छात्रों और अभ्यर्थियों की जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
चिराग पासवान ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म एक्स पर भी अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने कहा कि पटना में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग परीक्षा के अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज की तस्वीरें देखकर उनका मन बेहद विचलित था। ऐसे समय में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के जिम्मेदार सहयोगी के रूप में छात्रों की उचित मांगों को सरकार तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि पटना पहुंचते ही वह धरनास्थल पर छात्रों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना।
इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर बिहार लोक सेवा आयोग के अभ्यर्थियों, बेल्ट्रॉन अभ्यर्थियों और शिक्षक भर्ती परीक्षा-4 के अभ्यर्थियों की मांगों को मजबूती से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। चिराग पासवान ने कहा कि युवाओं और अभ्यर्थियों की जायज मांगों का समाधान बातचीत और संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि छात्रों और अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा तथा शीघ्र सकारात्मक समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
छात्र आंदोलन के बीच चिराग पासवान की मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात को अभ्यर्थियों की समस्याओं को सरकार के स्तर पर उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएमटी
