बिहार : भोजपुर में हवलदार के बेटे की हत्या के बाद बवाल, आक्रोशित लोगों ने आगजनी कर किया हाईवे जाम
पटना, 13 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी के बामपाली के समीप हवलदार हरेंद्र सिंह के बेटे ऋतिक सिंह की सरेशाम गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना से गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग शव के साथ सड़क पर उतर आए।
लोगों ने नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा मोड़ के समीप आरा-बक्सर हाईवे को जाम कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की। इसके चलते हाईवे पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही नवादा थानाध्यक्ष रजनीकांत, दारोगा अविनाश, चंदेश्वर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम हटवाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनकी मांग थी कि हत्याकांड में शामिल आरोपितों का एनकाउंटर किया जाए और मौके पर एसपी को बुलाया जाए। पुलिस पदाधिकारी लगातार लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। इस दौरान काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। करीब चार घंटे तक रोषपूर्वक नारेबाजी की गई।
बता दें कि गुरुवार की शाम गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बामपाली के समीप हथियारबंद बदमाशों ने हवलदार के पुत्र समेत दो युवकों को गोली मार दी थी। इस घटना में कांस्टेबल के पुत्र ऋतिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक का दोस्त बुरी तरह जख्मी है। ऋतिक वर्तमान में टाउन थाना क्षेत्र के मजावा जयनगर मोहल्ले में अपने मकान में रहता था, जबकि जख्मी दधोबहा थाना क्षेत्र के देवड़ी गांव निवासी रामावतार सिंह का 22 वर्षीय पुत्र युवराज सिंह है। ऋतिक को चार गोलियां सिर में एवं एक गोली पीठ पर लगी थी, जबकि युवराज को दो गोलियां लगी हैं।
इंस्पेक्टर रजनीकांत ने कहा, "हम आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। हमने परिवार को भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए मुमकिन प्रयास करेंगे।"
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम
