बिहार: भागलपुर में कायाकल्प अभियान की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
भागलपुर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के भागलपुर की जिला पदाधिकारी ने शनिवार को कायाकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति, बजट उपयोग, निर्माण कार्यों की स्थिति तथा लंबित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अपर समाहर्ता (एडीएम), नगर आयुक्त, डीआरडीए निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि कायाकल्प अभियान के तहत जिले में 9 विभागों के कुल 4,857 कार्य शामिल हैं, जिनके लिए 2,012.07 लाख रुपए से अधिक का बजट निर्धारित किया गया है।
बैठक में सामने आया कि 1,604 कार्य तकनीकी स्वीकृति और 2,746 कार्य प्रशासनिक स्वीकृति के लिए लंबित हैं। अब तक 91 कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि 267 कार्य प्रगति पर हैं और 68 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वीकृतियों में देरी के कारण विकास कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही जीर्णोद्धार और नवनिर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि कायाकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वीकृति प्रक्रियाओं में तेजी लाना और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की अद्यतन स्थिति की नियमित समीक्षा करने और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
