Aapka Rajasthan

बिहार के भागलपुर में दंपती की गोली मारकर हत्या, एक संदिग्ध हिरासत में

भागलपुर, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह अपराधियों ने एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की।
 
मिली जानकारी के अनुसार, रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी इस्माईलपुर हटिया में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे। गुरुवार सुबह करीब तीन-चार बजे दोनों अपनी दुकान में सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने हमला कर दिया। हमले में रंजन की मौके पर ही मौत हो गई।

पति को गोली लगने के बाद किरण देवी जान बचाने के लिए भागने लगीं, लेकिन अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल किरण देवी ने भी दम तोड़ दिया। दोनों की हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को उठाने से रोक दिया। इसके बाद समझाने बुझाने के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए।

पुलिस ने बताया कि परिजनों की निशानदेही पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर इस्माईलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस डॉग स्क्वॉड और तकनीकी अनुसंधान की भी मदद ली जा रही है, ताकि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की जा सके।

इस्माईलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के अनुसार, एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। जांच के बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके