Aapka Rajasthan

बिहार: बांका में सर्वे अमीन रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

पटना, 2 जून (आईएएनएस)। बिहार में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रखा है। इस बीच, विभाग की एक टीम ने मंगलवार को बांका जिले के चांदन अंचल कार्यालय में एक सर्वे अमीन को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
 
निगरानी विभाग के मुताबिक, बांका जिले के दिग्घिवारी गांव के रहने वाले दिनेश मंडल ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि सर्वे अमीन आदित्य कुमार जमीन के सर्वे करने के समय रुपये की मांग की थी। जब राशि नहीं दी गई, तब उन्होंने जमीन के कागजात, पर्चा में नाम, जाति, चौहदी, रकबा एवं खेसरा में जानबूझकर त्रुटि अंकित कर दी थी।

इन अशुद्धियों को सुधारने के एवज में अब फिर से रिश्वत की मांग की जा रही है। ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्ट्या आरोप सही पाए जाने के बाद इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक वसिम फिरोज के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

धावादल द्वारा शिकायतकर्ता के साथ मिलकर एक योजना बनाई गई और कार्रवाई करते हुए सर्वे अमीन आदित्य कुमार को 8,500 रुपये रिश्वत लेते हुए चांदन थाना क्षेत्र स्थित उनके किराए के आवास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उन्हें विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।

बता दें कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा इस वर्ष भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभी तक कुल 66 मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें अब तक ट्रैप संबंधी कुल 61 मामले हैं। इनमें से अब तक कुल 60 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है तथा रिश्वत के 24 लाख रुपए से ज्यादा की राशि जब्त की गई है। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले पूर्णिया के कृत्यानंद नगर अंचल कार्यालय में तैनात हलका कर्मचारी रूपक कुमार को निगरानी की टीम ने 10 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी