भोपाल रेल मंडल: टीटीई की सजगता से कमजोर मानसिक स्थिति वाली महिला सुरक्षित मिली
भोपाल, 26 जून (आईएएनएस)। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल के एक टीटीई की सजगता और सतर्कता के चलते घर से भागी कमजोर मानसिक स्थिति वाली महिला यात्री को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। अब यह महिला अपने परिवार के पास सुरक्षित पहुंच जाएगी।
रेलवे की ओर से आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया कि भोपाल मंडल के गुना के टीटीई नरेश धाकड़ ने टिकट चेकिंग के दौरान गाड़ी संख्या 04114 हुबली-प्रयागराज स्पेशल के एस-5 स्लीपर कोच के बर्थ संख्या 42 पर नागपुर से ग्वालियर जनरल टिकट के साथ यात्रा करते हुए एक महिला मिली। उस कोच के सहयात्री से महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं प्रतीत होने की जानकारी मिली।
गहन पूछताछ से पता चला कि महिला नागपुर की निवासी है और वह घर से भागी हुई है। टीटीई ने तत्परता दिखाते हुए महिला को उसके परिजन को सुरक्षित सुपुर्दगी की कारवाई के लिए रेल सुरक्षा बल ग्वालियर को सुपुर्द किया। महिला के पास उपलब्ध यात्रा टिकट एवं अन्य विवरणों के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की गई।
रेलवे प्रशासन और उसके कर्मचारी लगातार यात्रियों की सुरक्षा के साथ उनकी जरूरत को ध्यान में रखकर सहायता के लिए लगातार तत्पर रहते हैं। पिछले कुछ समय में ऐसे कई मामले सामने आए जब यात्रियों की जीवन रक्षा में रेलवे कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि वाणिज्य टिकट चेकिंग स्टाफ यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ मानवता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी सदैव तत्पर रहता है।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीएससी
