Aapka Rajasthan

भोपाल रेल मंडल के स्टेशनों के पेयजल के 144 नमूनों की जांच, यात्रियों के लिए बेहतर पेयजल के प्रयास जारी

भोपाल, 30 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल के अधीन आने वाले रेलवे स्टेशनों में यात्रियों को बेहतर पेयजल मिले इसके प्रयास जारी हैं और इसी के चलते रेल प्रशासन ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों के पेयजल के 144 नमूनों की जांच की है।
 

भोपाल, 30 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल के अधीन आने वाले रेलवे स्टेशनों में यात्रियों को बेहतर पेयजल मिले इसके प्रयास जारी हैं और इसी के चलते रेल प्रशासन ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों के पेयजल के 144 नमूनों की जांच की है।

आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने भोपाल मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत 28 से 30 सितम्बर तक विशेष ‘वॉटर सैनिटेशन ड्राइव’ चलाया गया। इस दौरान मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं रेल परिसरों में उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता की सघन निगरानी करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप जल नमूनों की जांच की गई।

अभियान के दौरान पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कुल 144 परीक्षण किए गए। इनमें 125 क्लोरीन परीक्षण, 18 जीवाणु परीक्षण तथा एक रासायनिक परीक्षण शामिल हैं। इन परीक्षणों के माध्यम से पेयजल में क्लोरीन की मात्रा, जीवाणु संबंधी मानकों तथा रासायनिक गुणवत्ता की जांच की गई।

रेल प्रशासन का दावा है कि सभी जांचे गए जल नमूनों के परीक्षण परिणाम संतोषजनक पाए गए, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि जांच किए गए पेयजल स्रोत निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं। बताया गया है कि भोपाल मंडल द्वारा यात्रियों एवं रेल परिसरों में कार्यरत कर्मचारियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पेयजल स्रोतों की नियमित निगरानी तथा समय-समय पर गुणवत्ता परीक्षण किया जाता है।

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित इस विशेष ड्राइव के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा दिया गया। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने यात्रियों से भी अपील की है कि वे पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं स्वच्छतापूर्ण बनाए रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएमटी