भोजीपुरा पुलिस की कार्रवाई, फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
लखनऊ, 19 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बरेली की भोजीपुरा पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इसी को लेकर जानकारी देते हुए एसपी नॉर्थ बरेली मुकेश मिश्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि बुधवार को भोजीपुरा थाने की पुलिस टीम द्वारा फर्जी तरीके से कूटरचित आयुष्मान कार्ड बनाने, पैसे ऐंठने और आयुष्मान योजना के धन को अवैध रूप से प्राप्त कर राज्य सरकार को चूना लगाने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 13 कूटरचित आयुष्मान कार्ड, 6 कूटरचित आधार कार्ड, 22 कूटरचित छायाप्रति राशन कार्ड और 2,700 रुपए कैश बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए पांचों अभियुक्तों की पहचान आबिद, सलमान तथा अफरोज (निवासीगण थाना क्षेत्र भोजीपुरा), अरमान (निवासी थाना क्षेत्र इज्जतनगर) तथा देशरतन (निवासी थाना क्षेत्र देवरनिया) के रूप में हुई है। उन्होंने आगे बताया कि इन पांचों आरोपियों को पर्याप्त सबूतों के साथ बुधवार को न्यायालय के समक्ष भेजा गया है। वहीं, पुलिस की ओर से मामले से संबंधित आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
बता दें कि पुलिस की ओर से धोखाधड़ी के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई का एक दूसरा मामला शनिवार को नई दिल्ली से सामने आया, जहां साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के साइबर पुलिस स्टेशन की टीम ने धोखाधड़ी और चोरी के एक मामले को सुलझाया है। इस मामले में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर एक फर्जी डेटिंग ऐप प्रोफाइल का इस्तेमाल करके 67 वर्ष के एक बुजुर्ग से संपर्क किया और बाद में उनका मोबाइल फोन चुराकर उनसे 1.30 लाख रुपए की धोखाधड़ी की।
साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की साइबर पुलिस ने यह कार्रवाई 27 जुलाई को एक बुजुर्ग की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के आधार पर की, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि वह एक डेटिंग ऐप के जरिए एक महिला के संपर्क में आया और बाद में टेलीग्राम पर उससे बातचीत की। 24 जुलाई को शिकायतकर्ता डिफेंस कॉलोनी के एक रेस्टोरेंट में दोनों महिलाओं से मिला और उनके साथ डिनर किया। रेस्टोरेंट से निकलते समय कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया। इसके बाद, उसकी मर्जी के बिना उसके दो बैंक अकाउंट से यूपीआई के जरिए 1 लाख 30 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
