भावनात्मक और भ्रामक माहौल बनाकर सत्ता हासिल करना चाह रही ममता बनर्जीः दिलीप जायसवाल
पटना, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने पश्चिम बंगाल चुनाव, यूसीसी और महिला आरक्षण विधेयक पर बात करते हुए कांग्रेस और ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "ममता बनर्जी हताश हैं। भावनात्मक और भ्रामक माहौल बनाकर वह सत्ता में दोबारा वापसी करना चाहती हैं, लेकिन जनता समझ चुकी है। इस बार टीएमसी की सरकार पश्चिम बंगाल में नहीं बनने वाली है।"
ममता बनर्जी के यूसीसी को लेकर दिए गए बयान पर जायसवाल ने आगे कहा, "चाहे ममता बनर्जी हों या कोई और, यूसीसी पर इतनी जल्दबाजी में बयान देना उचित नहीं है। देश की जरूरत है कि सभी को समान अधिकार मिले। समय के अनुसार बहुत सारी चीजें बदलती हैं और यूसीसी समय की जरूरत है।"
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा, "एनडीए और भारतीय जनता पार्टी के घोषणापत्र में महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण का वादा किया गया था। भाजपा और एनडीए अब उस वादे को पूरा करने जा रही है, लेकिन कांग्रेस विरोध कर रही है। विपक्ष का मतलब हर मुद्दे का विरोध करना नहीं है। अगर कोई चीज अच्छी है तो उसका समर्थन करना चाहिए। महिलाओं को अब लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण मिलने वाला है, इसलिए सभी दलों को इसका समर्थन करना चाहिए।"
इसके पहले रविवार को यूनिफॉर्म सिविल कोड के मुद्दे पर मंत्री जायसवाल ने कहा था कि यह कोई विवाद का विषय नहीं है, बल्कि इससे देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे। कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से उछाल रहे हैं, लेकिन जनता अब इन बातों को समझ चुकी है।
इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा था कि पार्टी ने दशकों तक महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी से दूर रखा। अब समय आ गया है कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अधिक अवसर दिए जाएं और उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
--आईएएनएस
ओपी/वीसी
