भट्टदेव यूनिवर्सिटी में अकाउंट असिस्टेट समेत कई पदों पर भर्ती शुरू, 15 अप्रैल तक आवेदन का मौका
दिसपुर, 25 मार्च (आईएएनएस)। किसी भी प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में नौकरी करने की ख्वाहिश रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। भट्टदेव यूनिवर्सिटी ने अकाउंट्स असिस्टेंट समेत विभिन्न 11 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
भट्टदेव यूनिवर्सिटी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया बुधवार, 25 मार्च से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
भट्टदेव यूनिवर्सिटी ने जिन 11 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें जूनियर असिस्टेंट के 2, अकाउंट असिस्टेंट, लाइब्रेरियन, असिस्टेंट लाइब्रेरियन और फाइनेंस ऑफिसर के 1-1 और ऑफिस असिस्टेंट (एमटीएस) के 5 पद शामिल हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य हैं।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु पद अनुसार 40 से 55 साल के बीच निर्धारित की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य उम्मीदवारों का चयन लिखित टेस्ट, शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, कंप्यूटर टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सेलरी पद के अनुसार 12,000 से 2,18,000 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग और पद के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 1,000 से 3,000 रुपए और एससी/एसटी के लिए 500 से 1,500 रुपए के बीच निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले भट्टदेव यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज और फॉन्ट में अपलोड करें। इसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकाल लें।
वहीं, तय समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उम्मीदवारों को 22 अप्रैल से पहले अपने एप्लीकेशन का हार्ड कॉपी 'रजिस्ट्रार, भट्टदेव विश्वविद्यालय, बजाली, पाठशाला-781325, असम' पते पर पोस्ट करना होगा।
--आईएएनएस
डीके/पीएम
