भारतीय हॉकी टीम में टॉप फोर में जगह बनाने की काबिलियत, इससे कुछ भी बेहतर बोनस होगा: पीआर श्रीजेश
नई दिल्ली, 12 अगस्त (आईएएनएस)। एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है। भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज वेल्स के खिलाफ शनिवार को करेगी। भारत के पूर्व कप्तान पीआर श्रीजेश का मानना है कि भारत के पास टॉप 4 में जगह बनाने की काबिलियत है।
पीआर श्रीजेश ने 'जियोस्टार' के साथ बात करते हुए भारतीय टीम को दबाव से निपटने के लिए अहम सलाह दी। उन्होंने कहा, "एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप, ओलंपिक के बाद हॉकी का दूसरा सबसे बड़ा टूर्नामेंट है और जाहिर है कि पूरी दुनिया इसे देख रही है और सबकी नजरें आप पर हैं। इससे बहुत दबाव बनता है। हालांकि, आप इस दबाव का असर अपने खेल पर नहीं पड़ने दे सकते। जब आप इसके बारे में बहुत ज्यादा सोचने लगते हैं, तो आपका प्रदर्शन गिर जाता है। जब प्रदर्शन गिरता है, तो दबाव और बढ़ जाता है। इसी वजह से जरूरी है कि आप शांत रहें, अपनी भूमिका पर ध्यान दें और अपनी ट्रेनिंग पर भरोसा रखें। सबसे जरूरी बात यह है कि आप वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। आपने इसी के लिए मेहनत की है। बस इस पल का आनंद लें और पिच पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।"
पूर्व गोलकीपर ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की उम्मीदों पर बात करते हुए कहा, "मेरी राय में, जिस तरह से यह टीम बनी है और हमने जो तरक्की की है, उसे देखते हुए कम से कम टॉप चार में जगह बनाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। जिस ग्रुप में हमें रखा गया है, उसे देखते हुए हमारे पास ऐसा करने की काबिलियत और गहराई है। इसके अलावा कुछ भी हासिल करना - चाहे सिल्वर, गोल्ड या ब्रॉन्ज मेडल हो - एक बोनस की तरह होगा। टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ खेल रही है और हमारे पास बड़े मैचों को संभालने का अनुभव भी है। हमें इससे कम पर समझौता नहीं करना चाहिए। लक्ष्य साफ है, हम यहां मुकाबला करने और अपनी छाप छोड़ने आए हैं।"
भारत को विश्व कप में ग्रुप डी में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत का सामना पाकिस्तान, इंग्लैंड और वेल्स से होना है। 15 अगस्त को वेल्स से भिड़ने के बाद भारतीय टीम का अगला मुकाबला इंग्लैंडसे 17 अगस्त को होगा। वहीं, ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से 19 अगस्त को होना है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
