भारी बारिश का असर: यूपी के कई जिलों में 26 सितंबर को स्कूल बंद, छत्तीसगढ़ में भी सभी स्कूलों में छुट्टी
लखनऊ/रायपुर, 25 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश का असर जनजीवन के साथ स्कूलों पर भी पड़ा है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 26 सितंबर को स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में 26 सितंबर को अवकाश घोषित किया है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बनी है। अलग-अलग जिलों में स्थानीय प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी का फैसला लिया है। उपलब्ध आदेशों के अनुसार कुछ जिलों में कक्षा 8 तक, जबकि कई जिलों में कक्षा 12 तक के स्कूल बंद रखे गए हैं।
हरदोई में भारी बारिश और अतिवृष्टि को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 26 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है। यह फैसला खराब मौसम के बीच बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
उन्नाव में लगातार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब 12 घंटे से जारी बारिश के बीच कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों को 26 सितंबर को बंद रखने का आदेश दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पांडेय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
कानपुर में अत्यधिक बारिश के कारण 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्थानीय प्रशासन की ओर से इसी तरह के फैसले लिए गए हैं।
प्रयागराज जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें 25 से 27 सितंबर के बीच प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका के मद्देनजर लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है।
प्रशासन ने बारिश और तूफान के दौरान लोगों को टिन की छत, होर्डिंग, बिजली के खंभों, पेड़ों और मोबाइल टावर से दूर रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली चमकने के दौरान पक्के भवन में शरण लेने को कहा गया है।
आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ के नीचे खड़े न होने, तालाब और जलाशयों से दूरी बनाए रखने तथा धातु वाली वस्तुओं को छूने से बचने की सलाह भी दी गई है। मौसम की जानकारी के लिए ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ ऐप का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
बारिश को देखते हुए प्रयागराज में भी 26 सितंबर को प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित किए जाने की जानकारी है।
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरे राज्य में 26 सितंबर को स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। यह आदेश सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों के लिए है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को घर पर रखने के साथ लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
