भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जिससे गलती हुई है, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा: राजीव रंजन
पटना, 24 जून (आईएएनएस)। जदयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामला और टीएमसी को लेकर प्रतिक्रिया दी है।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार इस घटना को लेकर पूरी तरह से दृढ़ है। पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल उठने के बाद, राज्य सरकार ने यह मामला एक जांच समिति को सौंप दिया है। न्यायिक जांच समिति की रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई के फैसले से यह साफ है कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जिनकी ओर से गलती की गई है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राजद की ओर से एनडीए सरकार और सम्राट चौधरी को लेकर लगाए गए आरोपों पर राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि ऐसी ही बातें राजद की ओर से नीतीश कुमार को लेकर बोली जाती थीं; अब सम्राट चौधरी को लेकर बोली जा रही हैं। बिहार में कानून-व्यवस्था बेहतरीन स्थितियों में है। अपराधियों की ओर से जहां भी हिंसा की गई है, उनके खिलाफ पुलिस की ओर से कठोर कदम उठाए गए हैं और अपराधियों को सबक सिखाया गया है। ऐसे में राजद के आरोपों का कोई औचित्य नहीं है।
निशांत कुमार के बतौर स्वास्थ्य मंत्री काम-काज को लेकर राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि माननीय मूल्यों को लेकर निशांत कुमार बेहद सजग हैं। बतौर स्वास्थ्य मंत्री उनकी ओर से जिस तरह से कदम उठाए गए हैं, उससे यही लग रहा है कि बिहार की राजनीति में वे औरों से एकदम अलग हैं।
ऋतब्रत बनर्जी की ओर से असली टीएमसी के दावे पर राजीव रंजन प्रसाद ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि विधायक दल का विभाजन हो चुका है और संसदीय दल में दो-तिहाई से ज्यादा सांसदों ने ममता बनर्जी का साथ छोड़ दिया है। मूल पार्टी से ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को बाहर कर दिया गया है, जिससे यह बिल्कुल स्पष्ट है कि ममता बनर्जी के पास पार्टी नहीं बची है। इस वजह से सिंबल और मूल पार्टी होने का दावा ममता बनर्जी को छोड़ देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मूल पार्टी पूरी तरह से काकोली घोष से लेकर ऋतब्रत बनर्जी जैसे नेताओं के पास चली गई है। उनकी ओर से जो बातें कही जा रही हैं, वो टीएमसी की आधिकारिक बातें हैं।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम
