Aapka Rajasthan

भारत ने बनाया टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर, संजू-अभिषेक की तूफानी पारी

अहमदाबाद, 8 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों का यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
 
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में बनाए अपने ही रिकॉर्ड को फाइनल में ध्वस्त किया। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए थे। इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ा स्कोर लगाने का रिकॉर्ड भी भारतीय टीम के नाम दर्ज हो गया है। इसके साथ ही यह टी20 विश्व कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। भारतीय बल्लेबाजों ने फाइनल में कुल 37 बाउंड्री लगाई।

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतने के बाद भारतीय टीम को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने टीम को तूफानी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए महज 7.1 ओवर में 98 रन जोड़े। इस मुकाबले से पहले खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक ने फाइनल मैच में सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया। उन्होंने 21 गेंदों पर 52 रनों की दमदार पारी खेली।

संजू सैमसन ने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक लगाया। संजू ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 89 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 8 छक्के लगाए। सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने मार्लोन सैमुअल्स के रिकॉर्ड (85) को तोड़ते हुए इतिहास रचा। सैमसन टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले महज तीसरे बल्लेबाज भी बने हैं। सैमसन से पहले यह कारनामा विराट कोहली और शाहिद अफरीदी ने किया है।

भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज करा लिया है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने मिलकर पावरप्ले में 92 रन जोड़े। वहीं, भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में सबसे तेज 50 और 100 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया ने 50 रनों का आंकड़ा 4 ओवर में पार किया, जबकि 7.2 ओवर में भारतीय टीम का स्कोर 100 रनों तक पहुंचा।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी