भारत में धर्मनिरपेक्षता हिंदू समाज की वजह से कायम है: प्रदीप वर्मा
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत द्वारा न्यूयॉर्क में दिए गए बयान का भारतीय जनता पार्टी के सांसद और राष्ट्रीय सचिव प्रदीप कुमार वर्मा ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भारत में जो धर्मनिरपेक्ष माहौल है, वह मुख्य रूप से हिंदू समाज की वजह से है, क्योंकि हिंदू, बहुसंख्यक होने के बावजूद, सभी धर्मों और पंथों का सम्मान करता है और सभी को साथ लेकर चलता है।
भाजपा सांसद और राष्ट्रीय सचिव प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा, "भारत में जो धर्मनिरपेक्ष माहौल है, वह मुख्य रूप से हिंदू समाज की वजह से है। हिंदू बहुसंख्यक हैं, इसलिए भारत हमेशा से ऐसा समाज रहा है जो सभी को साथ लेकर चलता है और सभी धर्मों एवं पंथों का बराबर सम्मान करता है।"
भजापा नेता ने आगे कहा कि मोहन भागवत उसी भवाना को प्रतिनिधित्व करने वाले व्यक्ति हैं। समय-समय पर पूरे विश्व में भारत के लोगों ने जिस भावना का उद्घोष किया है, वहीं सत्य मोहन भागवत ने कहा। 1893 में विवेकानंद ने जो बात कही थी, वो आज मोहन भागवत कह रहे हैं। भारत की संस्कृति हमेशा से सबको साथ लेकर चलने और सबके सत्य को स्वीकार करने वाली रही है।
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी को उज्बेकिस्तान द्वारा सबसे बड़ा सम्मान दिए जाने पर प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी हाल के दिनों में दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं। 2014 में जब से वह भारत के प्रधानमंत्री बने हैं, दुनिया भर में उनके नेतृत्व को लेकर एक नई तरह की ऊर्जा देखी गई है।"
उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह से उन्होंने दुनिया भर की कई समस्याओं को हल करने में भूमिका निभाई है और लोगों ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह पहले कभी नहीं हुआ और इसे पूरी दुनिया ने देखा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अलग-अलग देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है। उज्बेकिस्तान ने भी पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान दिया है। एक बड़ा महत्वपूर्ण विषय ये रहा कि दोनों देशों के बीच भारत की ऊर्जा जरूरतों तो लेकर समझौता हुआ है। ये आने वाले दिनों में ऊर्जा की जरूरतों को पूरा करने में अच्छा साबित होगा।
--आईएएनएस
केके/डीकेपी
