Aapka Rajasthan

भारत में अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो, कोलकाता से पहुंचे नई दिल्ली

नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। चार दिवसीय भारत दौरे पर आए अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो कोलकाता से नई दिल्ली पहुंच गए हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने एक तस्वीर जारी कर इसकी जानकारी दी।
 
भारत में अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो, कोलकाता से पहुंचे नई दिल्ली

नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। चार दिवसीय भारत दौरे पर आए अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो कोलकाता से नई दिल्ली पहुंच गए हैं। भारत के विदेश मंत्रालय ने एक तस्वीर जारी कर इसकी जानकारी दी।

एमईए (भारत के विदेश मंत्रालय) ने एक्स पर लिखा, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो का दिल्ली में स्वागत है, साथ ही उम्मीद जताई कि उनका दौरा भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने में मदद करेगा।

रूबियो शनिवार को ही कोलकाता पहुंचे; वहां से वो नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। भारत में अमेरिकी दूतावास के राजदूत सर्जियो गोर ने विमान के भीतर की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वो रूबियो के साथ देखे जा सकते हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने अपनी यात्रा की शुरुआत कोलकाता से की, जहां उन्होंने 'मिशनरीज ऑफ चैरिटी' का भी दौरा किया, जिस पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने टिप्पणी की कि ऐसे पल ही हमें याद दिलाते हैं कि अमेरिका-भारत की साझेदारी न केवल मजबूत नीतियों पर टिकी है, बल्कि साझा मूल्यों और निस्वार्थ सेवा की भावना पर भी आधारित है।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ कोलकाता स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटी के दौरे के दौरान भारत-अमेरिका साझेदारी की गहरी नींव पर प्रकाश डाला।

पिछले साल पदभार संभालने के बाद रूबियो की यह पहली भारत यात्रा है। वे शनिवार सुबह शहर में उतरे और पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। अमेरिकी विदेश मंत्री इस दौरे के दौरान आगरा और जयपुर सहित भारत के कई शहरों की यात्रा करेंगे।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के अनुसार, रूबियो का नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने का कार्यक्रम तय है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब वाशिंगटन और नई दिल्ली बदलते वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच रणनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर सहयोग को और गहरा करने की कोशिश कर रहे हैं।

रूबियो, रविवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करने वाले हैं। इसके बाद वे मंगलवार को नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे। इसका हिस्सा भारत, संयुक्त राज्य अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान हैं।

क्वाड बैठक 26 मई को नई दिल्ली में होनी है। इसकी मेजबानी विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे। इसमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के अलावा ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापानी विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी शामिल होंगे।

चर्चा का मुख्य केंद्र इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना होगा। साथ ही बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच रक्षा, व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता में सहयोग का विस्तार करना होगा।

--आईएएनएस

केआर/